पुलिस ने एंटी वायरस अभियान के तहत सतपुड़ा की पुलिया से पकड़े चार ठग....
- by Jasbeer Singh
- August 6, 2024
Rajsthan: मेवात पुलिस ने ऐसे ठगों को पकड़ने के लिए एंटीवायरस अभियान चलाया हुआ है, बावजूद इसके अभी भी ठगी के कई मामले सामने आ रहें हैं। राजस्थान पुलिस की तरफ से चलाए जा रहे एंटीवायरस अभियान के तहत पकड़े गए चार आरोपितों शकील, असलम उर्फ जाहिद, राहुल खान तथा जुनेद से पूछताछ में लाखों की ठगी की बात सामने आई है। राजस्थान की जुरहेड़ा पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपितों के विरुद्ध केस दर्ज कर गहनता से जांच शुरू कर दी है। आरोपितों के कब्जे से आठ मोबाइल और 11 फर्जी सिम बरामद की गई हैं। इन्हीं सिमों को इस्तेमाल करके साइबर ठग वाट्सएप पर फर्जी आईडी बनाकर लोगों को नौकरी, वर्क फ्राम होम और आनलाइन कमाई का झांसा देकर ठगी का शिकार बनाते थे। मेवात पुलिस अभी तक दर्जनों आरोपितों को पकड़कर जेल की सलाखों के पीछे भेज चुकी है। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई अभी जारी है। जानकारी अनुसार, राजस्थान के डीग थाने क्षेत्र के जुरहेड़ा पुलिस को सूचना मिली कि सतपुड़ा की पुलिया के पास जंगल में कुछ युवक भोले-भाले लोगों से ऑनलाइन ठगी करने का काम कर रहे हैं। ये युवक भोले-भाले लोगों को रुपये डालने के फर्जी टेक्स्ट मैसेज भेजकर, जेजे कम्युनिकेशन के नाम से फर्जी आईडी बनाकर एप्पल के महंगे आइटम गिफ्ट करने पर डिलीवरी चार्ज तथा सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर आईडी पर किसी अनजान व्यक्ति की फोटो लगाकर उसके परिचितों से संपर्क कर रुपयों की इमरजेंसी होने की बात कहकर ठगी करते हैं और पीड़ितों से रुपये ट्रांसफर कराते हैं।
